
हाथरस 03 अगस्त। मध्यस्थता केंद्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस में चल रहे मध्यस्थता अभियान-3.0 के तहत एक पारिवारिक विवाद का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से समाधान कराया गया। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस विनय कुमार-तृतीय के मार्गदर्शन तथा सचिव अनु चौधरी की अध्यक्षता में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत योगेश कुमार बनाम नीतू के पारिवारिक मामले में दोनों पक्षकारों के बीच समझौता कराया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी एवं मध्यस्थ अधिवक्ता रमेश चंद्र वर्मा के प्रयासों से दोनों पक्षकारों की समस्याओं को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना गया। दोनों पक्षों को आपसी संवाद के लिए प्रेरित किया गया तथा विश्वास एवं सहयोग की भावना के आधार पर समझौते की स्थिति तक पहुंचाया गया। कुशल मध्यस्थता के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सका। सचिव अनु चौधरी ने कहा कि मध्यस्थता विवादों के निस्तारण का प्रभावी और सहज माध्यम है। यह प्रक्रिया न केवल समय और धन की बचत करती है, बल्कि समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण मध्यस्थता के माध्यम से कराया जाए, ताकि जनसामान्य को शीघ्र और सुलभ न्याय उपलब्ध हो सके।











