
हाथरस 02 अगस्त । श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने भ्रमण के दौरान कस्बा चंदपा की ओर जाने वाले कांवड़ मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर पुलिस बल की ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था सहित कांवड़ियों की सुविधा के लिए किए गए अन्य इंतजामों को परखा।
कांवड़ पंडालों में पहुंचे एसपी, सेवा शिविरों की व्यवस्थाएं देखीं
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विभिन्न कांवड़ पंडालों एवं सेवा शिविरों में भी पहुंचे। उन्होंने वहां पेयजल, विश्राम, प्रकाश, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। एसपी ने सेवा शिविर संचालकों से बातचीत करते हुए अपील की कि कांवड़ियों की सेवा के साथ-साथ यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
ब्रीथ एनलाइजर से वाहन चालकों की चेकिंग
कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ब्रीथ एनलाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की चेकिंग भी की गई। वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर पैदल चल रहे कांवड़ियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्क रहकर कांवड़ियों की सहायता करें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सेवा का पर्व है। जनपद पुलिस का प्रयास है कि हाथरस से होकर गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िया श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिले और वह बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सके।
कांवड़ियों और आमजन से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन, कांवड़ियों एवं सेवा शिविर संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। प्राप्त सुझावों और सामने आई आवश्यकताओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, सेवा और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। कांवड़ मार्गों पर निरंतर भ्रमण, निगरानी और चेकिंग के माध्यम से यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने का प्रयास जारी है।










