
हाथरस 01 अगस्त। सीएमओ कार्यालय परिसर में दो युवकों के बीच मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय परिसर में हुई इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। प्रसारित हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सीएमओ कार्यालय परिसर में एक पेड़ के नीचे किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। मारपीट होते देख आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों युवकों को किसी तरह अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, मारपीट किस बात को लेकर शुरू हुई और दोनों युवक कौन हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से भी मामले में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।










