Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/सहपऊ। थाना क्षेत्र के गांव थरौरा में शुक्रवार सुबह 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बिना सूचना दिए आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की मदद से चिता की आग बुझाई गई, जिसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने जुटाए।

जानकारी के मुताबिक, गांव थरौरा निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी पुत्र सोरन सिंह का विवाह वर्ष 2012 में थाना सिरसागंज, फिरोजाबाद क्षेत्र के गांव जायमई निवासी सुरेश चंद की पुत्री निर्मला के साथ हुआ था। शादी के करीब दो वर्ष बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। बताया गया है कि यह विवाद करीब दस वर्षों तक न्यायालय में चला।न करीब चार वर्ष पूर्व न्यायालय के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में निर्मला को गांव थरौरा में रहने के लिए मकान और चार बीघा जमीन उपलब्ध कराई गई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। वहीं, अमित कुमार हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह निर्मला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों और पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। दमकल विभाग की मदद से चिता की आग बुझाई गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने चिता से अस्थियां और अन्य आवश्यक नमूने सुरक्षित किए। टीम ने घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए, जिन्हें आगे की जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page