Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। ऑनलाइन गेम के जरिए रातों-रात अमीर और करोड़पति बनाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उज्जैन में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले की जांच के दौरान उज्जैन पुलिस ने गुरुवार को हाथरस में दबिश देकर हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महौ खास से एक युवती को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस टीम युवती को अपने साथ उज्जैन ले गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि हिरासत में ली गई युवती गिरोह के लिए प्रमोटर के रूप में काम करती थी। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी आईडी से ऑनलाइन गेम के आकर्षक वीडियो पोस्ट कर युवाओं को निवेश के लिए प्रेरित करती थी। जांच के अनुसार इस ठगी के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय था, जिसने एक फर्जी वेबसाइट तैयार कर लोगों से गेम और सट्टेबाजी के नाम पर पैसा निवेश कराया। इसके साथ ही एक नेटवर्किंग कंपनी के माध्यम से चेन सिस्टम बनाकर कम समय में करोड़पति बनने का लालच दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक शुरुआत में निवेशकों को मामूली मुनाफा देकर उनका विश्वास जीता जाता था, जिसके बाद उनसे बड़ी रकम निवेश कराई जाती थी। इस तरीके से मध्य प्रदेश के उज्जैन सहित कई क्षेत्रों के लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की गई। पीड़ितों की शिकायत पर उज्जैन में संबंधित थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उज्जैन पुलिस ने युवती की लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद हाथरस पुलिस के सहयोग से महौ खास गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन पुलिस ठगी के मामले की जांच के सिलसिले में हाथरस आई थी। इंस्टाग्राम आईडी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई गई और आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को आगे की पूछताछ के लिए उज्जैन ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page