
हाथरस 30 जुलाई। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एस के भगत ने हाथरस का दौरा किया। पुलिस लाइन स्थित डीटीयू कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एडीजी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कांवड़ मार्गों, प्रमुख चौराहों, मंदिरों, विश्राम स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने, डायवर्जन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने तथा अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, पीए सिस्टम, बैरिकेडिंग, अग्निशमन संसाधनों और कंट्रोल रूम की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती और हेल्प डेस्क सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद एडीजी एसके भगत ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सहायता केंद्र, पेयजल एवं विश्राम स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ढाबों के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराने और आवश्यकता अनुसार रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने थाना सादाबाद का औचक निरीक्षण कर थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, कंप्यूटर कक्ष और अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड अद्यतन रखने, माल मुकदमाती वाहनों की शीघ्र नीलामी, थाना परिसर की साफ-सफाई तथा महिला हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए कहा कि श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






