
हाथरस 30 जुलाई। समाज कल्याण एवं शांति संगठन की हाथरस शाखा की टीम ने ग्राम सोखना स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण कर वहां की जर्जर एवं बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। श्मशान घाट की दुर्दशा की सूचना मिलने पर संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त शेड, समुचित मार्ग, पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे ग्रामीणों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान स्थानीय सभासद टेकपाल कुशवाहा ने श्मशान घाट की समस्याओं से संगठन को अवगत कराते हुए इसके जीर्णोद्धार एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास में सहयोग की अपील की। स्वापो पदाधिकारियों ने कहा कि अंतिम यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर लोगों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान होना अत्यंत दुखद है और संगठन इस जनसमस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक पहल करेगा। निरीक्षण के बाद श्मशान घाट का समतलीकरण एवं सफाई भी कराई गई। इस अवसर पर स्वापो के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, नगर अध्यक्ष दिनेश सरदाना, जिला महामंत्री उत्कर्ष शर्मा, नगर महामंत्री लव तायल, केशव लाल अरोड़ा एवं सौरव वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्मशान घाट के पुनर्निर्माण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।










