Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 जुलाई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में गत 11 जुलाई को शॉर्ट सर्किट से लगी आग की घटना के बाद सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने पर छात्राओं को पुनः विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने गुलाब का फूल भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से परिचयात्मक वार्ता कर उनका हालचाल जाना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अध्ययन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान उन्होंने आगजनी, भूकंप एवं बाढ़ जैसी आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से कार्य करना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि आग की घटना में छात्राओं की क्षतिग्रस्त सामग्री के स्थान पर समाजसेवियों एवं उद्योगपतियों के सहयोग से आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने इस सहयोग के लिए सभी समाजसेवियों एवं उद्योगपतियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता कठिन समय में पीड़ितों को संबल प्रदान करती है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास, कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, डाइनिंग हॉल सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सीढ़ियों के पास स्थापित विद्युत बस-बार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। साथ ही लोक निर्माण विभाग को भवन का निरीक्षण कर आपातकालीन निकासी के लिए अतिरिक्त सीढ़ियों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अपने हाथों से उन्हें पिज्जा परोसा, जिसका छात्राओं ने आनंद लिया और उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की। मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, समाजसेवी, उद्योग बंधु तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page