Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 जुलाई। पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज थाना मुरसान का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाह, प्रभारी निरीक्षक मुरसान एवं थाने का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, मैस एवं थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन रखने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शासन एवं पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति, जनसुनवाई, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, बीट पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शस्त्रागार में शस्त्रों के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया तथा थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती एवं अन्य वाहनों के उचित रखरखाव, लावारिस एवं माल मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा मुख्यालय स्तर से संचालित “यक्ष एप” पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को टॉप-10 अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, जेल से रिहा हुए अपराधियों का सत्यापन एवं निगरानी, हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने, शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर दोषियों को समयबद्ध सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक भ्रमण एवं गश्त करने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page