हाथरस 27 जुलाई। आज देर शाम तालाब ब्रिज पर स्कूटी सवार छात्रा को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। अब से कुछ देर पहले छात्रा की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली सदर क्षेत्र की अंतर्गत आगरा रोड पुराना मिल कंपाउंड निवासी डॉ संजीव अग्रवाल की पुत्री खुशी अग्रवाल (उम्र 18 वर्ष), जो कि अलीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर से मेडिकल की तैयारी कर रही थी। कोचिंग खत्म करने के बाद खुशी अग्रवाल अपनी स्कूटी से अपने पुराना मिल कंपाउंड स्थित घर को लौट रही थी। तभी तालाब ओवरब्रिज पर आज शाम 7:30 बजे के करीब एक ट्रैक्टर ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद छात्रा खुशी अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में छात्रा को देख लोगों की भीड़ लग गई। घायल छात्रा को स्थानीय लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई, परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां अब से कुछ देर पहले उनका निधन हो गया।
खुशी अग्रवाल पुत्री डॉ संजीव अग्रवाल की अंतिम यात्रा/शव यात्रा, निज निवास आगरा रोड, पुराना मिल कंपाउंड हाथरस से आज मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह 7:30 इगलास अड्डा स्थित पत्थर वाली/शमशान घाट के लिए प्रस्थान करेगी। हमारा हाथरस खुशी अग्रवाल जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है व ईश्वर से प्रार्थना करता है वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।








