
हाथरस 27 जुलाई। इनरव्हील क्लब ऑफ रॉयल द्वारा आज ‘फिट गर्ल्स प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत संविलयन विद्यालय, लहरा की कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं के लिए योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करते हुए जंप रोप (रस्सी कूद) वितरित की गईं। साथ ही स्वास्थ्यवर्धक पेय (हेल्दी जूस) भी उपलब्ध कराया गया। क्लब की सदस्यों ने लगभग 20 मिनट का स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित कर छात्राओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित योग एवं आत्म-देखभाल (सेल्फ केयर) के महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया ने कहा कि स्वस्थ और आत्मविश्वासी समाज की मजबूत नींव स्वस्थ बालिकाओं से ही रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना क्लब की प्राथमिकता है। क्लब की सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए। योग, पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं आत्म-देखभाल जैसी अच्छी आदतें बालिकाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाती हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया, सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती राधा गावर, पूजा सिंह, सीमा सबलोक, दीप्ति अग्रवाल तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रद्युम्न पाठक सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।










