
हाथरस 24 जुलाई। समाजवादी पार्टी, जनपद द्वारा आज पार्टी कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की गई। पार्टी नेताओं का आरोप है कि बैठक शुरू होने से पहले ही पुलिस बल पार्टी कार्यालय पर तैनात कर दिया गया तथा पुलिसकर्मी कार्यालय के अंदर भी मौजूद रहे, जिससे बैठक प्रभावित हुई। पार्टी के अनुसार, बैठक के बाद जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपने के लिए शांतिपूर्वक तहसील जा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) हाथरस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया, जिसके चलते वे तहसील पहुंचकर ज्ञापन नहीं दे सके। समाजवादी पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा को उनके गांव स्थित आवास से कार्यालय आते समय भी पुलिस द्वारा कई स्थानों पर रोका गया, जिसके कारण वे समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके। घटनाक्रम के विरोध में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सड़क पर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। राष्ट्रपति महोदया को सौंपे गए ज्ञापन में समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात हो रहा है तथा बड़ी संख्या में लोगों को नजरबंद किया जा रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विपक्षी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति महोदया से हस्तक्षेप कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका गया। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा बताया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा, मुहर सिंह, धीरज पांडेय, कायम सिंह अहेरिया, ललित चौधरी, अनूप यादव, सन्दीप बाल्मीकि, मालिक यादव, नरेश दिवाकर, चिराग वार्ष्णेय, सतेन्द्र यादव, विजय सक्सेना, अरविन्द यादव, ब्रह्मदेव कश्यप, रवेन्द्र प्रजापति, रामबाबू कश्यप, अकील कुरैशी, रमेशचन्द्र अहेरिया, जितेन्द्र सेंगर, अशोक गोला, शहवाज कुरैशी, आफताब खान, मनीष कुमार, प्रवेंद्र यादव, नुसरत अली, चमन कुमार सहित सैकड़ों समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101











