Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 23 जुलाई। विद्युत उपखंड तृतीय सासनी के अंतर्गत हसायन और महौ विद्युत उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति आज करीब आठ घंटे तक बाधित रही। नगला रति स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से आने वाली 33 केवी हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने के कारण सुबह 9:35 बजे से शाम 6:35 बजे तक दोनों उपकेंद्रों से जुड़े 95 गांव अंधेरे में डूबे रहे। बिजली गुल होने से लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, 33 केवी हाईटेंशन लाइन में तकनीकी खराबी आने से हसायन उपकेंद्र के पांच फीडरों से जुड़े 55 गांव तथा महौ उपकेंद्र के चार फीडरों से जुड़े 40 गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली नहीं होने से घरों के साथ-साथ सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा। इनवर्टर जवाब दे गए और उपभोक्ता पूरे दिन गर्मी से परेशान रहे। बिजली कटौती के दौरान उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि कई अधिकारियों के सीयूजी नंबर बंद मिले या फोन रिसीव नहीं किए गए, जिससे लोगों में नाराजगी रही। हसायन विद्युत उपकेंद्र पर तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) ने बताया कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के कारण ब्रेकडाउन हुआ था। लाइन की टेस्टिंग और मरम्मत का कार्य लगातार किया गया, जिसके बाद शाम को आपूर्ति बहाल की गई। उन्होंने यह भी बताया कि महौ उपकेंद्र की लाइन को अलग कर आपूर्ति सुचारु करने की प्रक्रिया के दौरान कुछ समय के लिए बिजली फिर प्रभावित हो सकती है। वहीं, अवर अभियंता (जेई) मोहम्मद इकरार ने बताया कि नगला रति 132 केवी उपकेंद्र से आने वाली 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। फॉल्ट को तलाशने और लाइन की मरम्मत के लिए लाइनमैनों की टीम लगातार कार्य कर रही थी। महौ और हसायन की लाइन अलग कर हसायन क्षेत्र के पांचों फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page