
हाथरस/सहपऊ 23 जुलाई। सहपऊ क्षेत्र के गांव रुदायल में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक दुखद मामला सामने आया है। गांव निवासी 23 वर्षीय रतन कुमार पुत्र पप्पू और पड़ोस में रहने वाली एक विवाहित महिला, जो दो बच्चों की मां है, ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। जब इस संबंध की चर्चा गांव में फैलने लगी तो परिजनों ने दोनों पर रोक-टोक शुरू कर दी। इसी तनाव के चलते दोनों ने लगभग तीन दिन पहले विषाक्त पदार्थ खा लिया। विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान आज सुबह रतन कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेज दिया। वहीं, महिला की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। उसका उपचार आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









