
हाथरस 23 जुलाई। थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने इन्वर्टर और बैटरी चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम कैलोरा निवासी जसवंत पुत्र नेकसेराम ने 22 जुलाई को थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर देकर बताया था कि 21 जुलाई की रात उनके घर से इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली गई। तहरीर के आधार पर थाना हाथरस जंक्शन में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ के नेतृत्व में थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने 23 जुलाई को कार्रवाई करते हुए ग्राम कैलोरा से घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनक पुत्र शिवकुमार एवं बादल पुत्र रामपाल, दोनों निवासी ग्राम कैलोरा, थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया इन्वर्टर और बैटरी भी बरामद कर लिया है। इस मामले में थाना हाथरस जंक्शन पर मु0अ0सं0 211/2026 के तहत धारा 305 एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









