सासनी 22 जुलाई। सासनी थाना क्षेत्र के गांव लुटसान में बेटी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध करना एक दंपती को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दो लोगों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, 20 जुलाई की शाम उसके पति गांव में एक दावत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उपेंद्र उर्फ शेरू उनकी बेटी के संबंध में अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी कर रहा था। जब उनके पति ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि उपेंद्र और उसके चाचा रिंकू ने एकराय होकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर जब पीड़िता अपने पति को बचाने पहुंची तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और कहा कि तुम अपनी बेटी की शादी नहीं कर पाओगे।”घटना के बाद से पूरा परिवार भय और दहशत में है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।