Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 जुलाई। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मथुरा-बरेली हाईवे स्थित मिर्गामई कट के नीचे जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे के पंचों से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की दोपहर डायल-112 पर अखईपुर निवासी निखिल ने सूचना दी कि मिर्गामई कट के नीचे दो पक्षों में मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। जांच में पता चला कि सूचना देने वाला निखिल घायल विशाल निवासी अखईपुर को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक पक्ष में विशाल, लवकुश निवासी अमरपुर घना (थाना हाथरस गेट) और ब्रांजुल निवासी भोपतपुर थे, जबकि दूसरे पक्ष में शिवा निवासी नगला बिरिया, विष्णु, सुशील ठाकुर निवासी नगला अलिया तथा चार अज्ञात लोग शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक दिन पहले कस्बा जंक्शन स्थित पेट्रोल पंप पर हुई कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हाईवे के नीचे आमना-सामना होने पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और लोहे के पंचों से हमला शुरू हो गया। मारपीट के दौरान विशाल के मुंह पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार यादव की तहरीर पर छह नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page