Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जुलाई। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बूलगढ़ी गांव में मंगलवार को प्रस्तावित सवर्ण संगठनों की महापंचायत एवं चंदपा थाने के घेराव के ऐलान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार शाम से ही गांव के अंदर और बाहर बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही खुफिया विभाग भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और वरिष्ठ अधिकारियों को पल-पल की रिपोर्ट भेजी जा रही है।  यह मामला 10 जुलाई को दलित समाज के 19 वर्षीय युवक सनी की ट्रैक्टर से दबकर हुई मौत से जुड़ा है। घटना के बाद चंदपा पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में मृतक के परिजनों द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग पर पुलिस ने मामले में हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी थीं। दूसरी ओर, करणी सेना समेत विभिन्न सवर्ण संगठनों का दावा है कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई थी, हत्या नहीं। संगठनों ने प्रशासन से हत्या एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराएं हटाने की मांग करते हुए मंगलवार को महापंचायत और चंदपा थाने के घेराव का आह्वान किया है। एहतियातन पुलिस ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश महासचिव निशांत चौहान को हाउस अरेस्ट कर लिया है। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी पुलिस और खुफिया एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2020 के चर्चित दलित युवती प्रकरण के कारण बूलगढ़ी गांव पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। वर्तमान में भी पीड़ित परिवार के घर पर केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page