Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 18 जुलाई। बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण का शनिवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुरानी तहसील स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय (बालक), सिकंदराराऊ से विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में आगमन पर खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने मुख्य अतिथि का पुष्पमाला एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। रैली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के साथ शिशु शिक्षा मंदिर, सिकंदराराऊ पब्लिक स्कूल, सरनाम सिंह जूनियर हाई स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा जागरूकता से संबंधित तख्तियां और स्लोगन लिए हुए थे। बच्चों ने “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” तथा “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराएं, जहां सरकार द्वारा निःशुल्क शिक्षा, पुस्तकें, यूनिफॉर्म तथा मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें और स्कूल से बाहर रह रहे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने ब्लॉक संसाधन केंद्र, सिकंदराराऊ पर रैली में शामिल बच्चों को फल, रिफ्रेशमेंट पैकेट एवं पानी की बोतलों का वितरण भी किया। कार्यक्रम में प्रवीण सोमानी, नरेश चतुर्वेदी, आलोक जैन, दिनेश शर्मा, वेद प्रकाश, गौरव यादव, मुनेश शर्मा, संदीप तिवारी, नावेद हसन अंसारी, दीपक गुप्ता, ललित मोहन, मिथलेश कुमारी, आर.के. सिंह जादौन, बृजेश यादव, अमित कुमार सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page