Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 जुलाई। मथुरा-अवागढ़ स्टेट हाईवे पर आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सड़क की ओर झुकी हुई पेड़ों की टहनियों को काटा गया, जो वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रही थीं। इसके साथ ही, सड़क किनारे उगी झाड़ियों और घास को भी रोटावेटर की सहायता से साफ किया गया। अभियान के दौरान, पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने हाईवे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने उन स्थानों को चिह्नित किया जहां पेड़ों की शाखाएं सड़क की ओर झुककर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही थीं। कई जगहों पर टहनियां सड़क के बड़े हिस्से तक फैली हुई थीं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही थी और बड़े वाहनों के आवागमन में बाधा आ रही थी। वन विभाग की टीम के सहयोग से चिह्नित स्थानों पर पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई की गई। सड़क किनारे उगी झाड़ियों और अन्य वनस्पतियों को भी हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्य से सड़क की दृश्यता बेहतर हुई है, जिससे हाईवे पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुरेश चौधरी और प्रवीण शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में पेड़ों की शाखाएं तेजी से बढ़ती हैं। कई स्थानों पर ये शाखाएं सड़क की ओर झुक जाती हैं, जिससे मार्ग संकरा दिखाई देता है और वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। अवर अभियंता सुरेश चौधरी ने यह भी बताया कि आवश्यकता के अनुसार ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जिले के अन्य मार्गों पर भी पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई और सड़क किनारे सफाई का कार्य किया जाएगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और बरसात के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page