हाथरस 18 जुलाई। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में आज आयोजित अलंकरण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित रहे, जिन्होंने छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के साथ उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय बैंड की मधुर धुनों के बीच मुख्य अतिथि के स्वागत से हुआ। पारंपरिक तिलक, आरती एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यालय परिसर में स्थापित 105 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण रहा। विशाल तिरंगे ने पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और गौरव का वातावरण बना दिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना गीत, समूहगान एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अलंकरण समारोह के दौरान विद्यालय छात्र परिषद के 180 निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इनमें 40 कैबिनेट सदस्य तथा 140 सांसद (एमपी) शामिल रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। निवर्तमान छात्र प्रधानमंत्री दिव्यांश वशिष्ठ ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया और नई टीम को शुभकामनाएं दीं। वहीं नवनियुक्त छात्र प्रधानमंत्री आदित्य चड्डा एवं छात्रा प्रधानमंत्री लावण्या ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यालय और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व का अवसर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्रों से अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के गुणों को विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के नवनिर्मित मुख्य द्वार का लोकार्पण किया गया। प्रधानाचार्य फादर प्रकाश डिसूजा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में अभिभावक, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










