
हाथरस 18 जुलाई। शासन द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रभावी प्रबंधन, समयबद्ध लक्ष्य निर्धारण, पारदर्शी संचालन तथा पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आच्छादन के उद्देश्य से संचालित फैमिली आईडी (एक परिवार-एक पहचान) योजना के अंतर्गत जनपद में 19 जुलाई को विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं में लंबित पात्र लाभार्थियों के नवीन आवेदन प्राप्त करने के लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में यह विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र परिवारों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास खण्डों के रोजगार सेवक, पंचायत सहायक एवं पंचायत सचिव अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक फैमिली आईडी के नवीन आवेदन प्राप्त कर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि संबंधित विकास खण्डों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अपने-अपने सेक्टर में अभियान की प्रगति का पर्यवेक्षण करेंगे, जबकि खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करेंगे। सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विशेष अभियान दिवस की ग्राम पंचायतवार संकलित प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी और समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।





