हाथरस 17 जुलाई। खरीफ की फसल की बुवाई शुरू होने के साथ ही किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मुरसान स्थित मैसर्स किसान सेवा केंद्र एवं कौशिक एग्री जंक्शन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उर्वरकों के स्टॉक और बिक्री व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर उपलब्ध यूरिया, डीएपी, पोटाश एवं अन्य उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टॉक पंजिका एवं किसान खाद बिक्री पंजिका का भी अवलोकन किया। निरीक्षण में बिक्री पंजिका पर दिनांक अंकित नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विक्रेता को निर्देश दिए कि पंजिका में बिक्री की तिथि के साथ-साथ क्रेता किसान का पूरा विवरण एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसानों से संपर्क कर निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि की जा सके। इस दौरान उर्वरक विक्रेता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि खाद की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से की जाती है, लेकिन वर्तमान में सर्वर संबंधी समस्या आ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि सर्वर में आ रही समस्या के समाधान के लिए उच्च स्तर पर संपर्क कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्वरकों की बिक्री ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही की जाए। उन्होंने खाद विक्रेताओं को निर्देशित किया कि केंद्रों पर सभी प्रमुख उर्वरकों के निर्धारित विक्रय मूल्य एवं उपलब्ध स्टॉक का विवरण सूचना पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनपद के किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी खाद विक्रेता द्वारा कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









