Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई। कोतवाली सासनी क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लढौटा निवासी भगवान सिंह अपने साथी अमित शर्मा, निवासी नगला गढ़ू, के साथ बाइक से बाजार से सामान खरीदकर गांव लौट रहे थे। जब वे रुदायन-नगला सरदा मार्ग स्थित अंग्रेजी शराब एवं बीयर की दुकान के पास पहुंचे, तभी दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। भगवान सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया और डायल 112 पर सूचना देने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने धारदार हथियार से उनके सिर और माथे पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जाते समय आरोपितों ने अपना नाम राशिद कबाड़े वाला तथा पिता का नाम गफूर बताते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद साथी अमित शर्मा किसी तरह घायल भगवान सिंह को कोतवाली सासनी लेकर पहुंचे। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल, हाथरस भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page