Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 जुलाई। आगरा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में फल-सब्जी आढ़त की बंद दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दमकल विभाग ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का प्रारंभिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार, मंडी समिति में स्थित भवानी शंकर निवासी कछपुरा, थाना चंदपा की फल-सब्जी आढ़त बंद थी। मंडी समिति के सचिव रुद्रांश शर्मा और कर्मचारियों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचित किया। भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता पवन ठाकुर, सुनील ठाकुर और गांव कुकटई के कई युवक मौके पर पहुंचे। दुकान मालिक और पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पहले दुकान का शटर उठाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पूरी दुकान आग की लपटों से घिरी हुई थी। अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल, काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बांट, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल कर्मियों ने लगभग आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की अन्य आढ़तों तक आग फैलने से बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही मंडी के अन्य आढ़ती भी मौके पर पहुंच गए। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जिसमें व्यापारियों ने लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page