Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 जुलाई। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल गांव जोगिया के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, आज अपनी विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के आवास पहुंचे। ग्रामीणों ने नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद गांव को शहर की बजाय ग्रामीण फीडर से बिजली आपूर्ति मिलने पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि गांव जोगिया लगभग सात वर्ष पूर्व नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो चुका है। पहले यह ग्राम पंचायत था, जिसके अंतर्गत पांच गांव आते थे। विद्युत विभाग ने जोगिया ग्राम पंचायत के अन्य चार मजरा गांवों को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ दिया है, लेकिन नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद जोगिया गांव को आज भी देहात क्षेत्र के फीडर से बिजली मिल रही है। ग्रामीणों का कहना था कि यदि जोगिया नगर पालिका का हिस्सा है, तो उसे शहर की तरह सभी मूलभूत सुविधाएं, विशेष रूप से शहरी विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह संभव नहीं है तो गांव को पुनः ग्राम पंचायत क्षेत्र में शामिल किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने तत्काल बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने आवास पर बुलाया। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एचसी साहब, दोनों अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विधायक के निर्देश पर आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर गांव जोगिया को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। आश्वासन के बावजूद ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित तीन दिनों के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शांतिपूर्वक अपने गांव लौट गए। अब ग्रामीणों की निगाहें विभाग द्वारा किए गए वादे को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर टिकी हैं।

Next News :-एसबीआई से 50 लाख का लोन लेकर फर्जी पते पर कंपनी चलाने का आरोप, चार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page