
हाथरस 10 जुलाई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS ने आज विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत चंदपा-चितावर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था बीजीसीसीपीएल.-रामकी जेवी द्वारा संचालित निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा सभी अवशेष कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने, गृह जल संयोजन, ट्यूबवेल, पंप हाउस और ओवरहेड टैंक निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। ओवरहेड टैंक निर्माण में लापरवाही और टैंक की सीढ़ी पर सुरक्षा रेलिंग नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम चितावर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर परियोजना की वास्तविक स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पहले पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कों को खोदा गया था, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। साथ ही कई घरों में अब तक नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं और जलापूर्ति भी शुरू नहीं हुई है। शिकायतों और मौके पर मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया तथा पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि इस योजना के माध्यम से ग्राम पंचायत चंदपा और चितावर के 744 परिवारों तथा लगभग 4,292 ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत दो ट्यूबवेलों का निर्माण पूरा हो चुका है। पहले ट्यूबवेल पर 32 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम, 10 हॉर्स पावर मोटर एवं पंपिंग व्यवस्था स्थापित कर संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा 275 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक भी तैयार हो चुका है।
उन्होंने बताया कि कुल 15.769 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 9.632 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। वहीं 744 घरेलू नल कनेक्शनों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 375 परिवारों को जल संयोजन उपलब्ध कराया गया है तथा शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष पाइपलाइन, पंप हाउस, बाउंड्री वॉल सहित सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण कराने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
























