Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 09 जुलाई । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरसान पर आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना रहा। अभियान के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 79 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जांच की। इनमें से 41 महिलाओं का निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराया गया। जांच के बाद सभी गर्भवती महिलाओं को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य टीम ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी विशेष निगरानी और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह भी दी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दलवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को बेहतर प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर डॉ. अंशुल उपाध्याय, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत शर्मा, फार्मासिस्ट अशोक कुमार, स्टाफ नर्स श्रीमती नीरज, श्रीमती रेनू चौधरी, सपना सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page