
हाथरस 09 जुलाई। श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, हाथरस में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.कॉम. (प्रथम वर्ष) की पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है। मेरिट सूची में चयनित छात्राओं के प्रवेश 10 जुलाई से प्रारंभ होंगे। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा ने बताया कि जिन छात्राओं का नाम पहली मेरिट सूची में शामिल है, वे 10 जुलाई को प्रात 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। प्रवेश के लिए छात्राओं को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र एवं उनकी छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा। इनमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिकाएं, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण-पत्र, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो) तथा पासपोर्ट आकार के फोटो शामिल हैं। प्राचार्या ने बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में प्रवेश से वंचित होने की जिम्मेदारी संबंधित छात्रा की स्वयं होगी।






















