Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 जुलाई। पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में एक माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी रिक्रूट महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर श्री हिमांशु माथुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान रिक्रूट महिला आरक्षियों को महिला बीट भ्रमण, मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन, एंटी रोमियो टीम की कार्यप्रणाली तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला आरक्षियां मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दें। इसके अंतर्गत 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) तथा थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने महिला सशक्तिकरण से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने रिक्रूट महिला आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें शारीरिक, मानसिक और व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाना है, ताकि वे भविष्य में अपने दायित्वों का प्रभावी एवं सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page