
हाथरस 06 जुलाई। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव टुकसान में शराब के ठेके का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई भिड़ंत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बताया गया कि रविवार को गांव टुकसान में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को भी इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। रविवार को स्थिति का जायजा लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। घटना में दरोगा इंद्रदेव सिंह, दरोगा उमेश बाबू, सिपाही पवन तोमर, सिपाही परीक्षित, महिला सिपाही दीपिका और भावना त्यागी सहित कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार कराया गया, जिनमें कुछ पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें भी आई हैं। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। पुलिस ने 34 नामजद और 30-35 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए चार महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आज गांव में स्थिति सामान्य रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के बीच गांव में सन्नाटा पसरा रहा। गांव के बाहर स्थित शराब का ठेका भी शांतिपूर्ण माहौल में बंद रहा। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


























