Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 जुलाई। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS   ने पाकड़ तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बरगद का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, श्रम विभाग, महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा पशुपालन विभाग द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए। तहसील सिकंदराराऊ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करना है। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भूमि विवाद एवं अन्य मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही समाधान दिवस की सफलता का पैमाना है। यदि किसी शिकायत का समय पर निस्तारण नहीं होता है या एक ही समस्या को बार-बार प्रस्तुत करना पड़ता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील सिकंदराराऊ में कुल 105 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील हाथरस में प्राप्त 38 शिकायतों में से 5, तहसील सादाबाद में प्राप्त 39 शिकायतों में से 4 तथा तहसील सासनी में प्राप्त 16 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page