
हाथरस 06 जुलाई। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर आज जिले के व्यापारियों ने बढ़ती महंगाई, बिजली बिलों पर लगाए गए ईंधन अधिभार, खाद्य विभाग की छापेमारी तथा घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में विशाल प्रदर्शन एवं जुलूस निकाला। इसके बाद व्यापारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया, भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के व्यापारी, लघु एवं कुटीर उद्योग तथा आम उपभोक्ता लगातार बढ़ती महंगाई से गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस तथा बिजली की बढ़ती लागत ने व्यापार और उद्योग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। परिवहन लागत में वृद्धि के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम जनता का मासिक बजट भी असंतुलित हो गया है। व्यापार मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, घरेलू एलपीजी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल कर आम जनता को राहत दी जाए, वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के दाम कम किए जाएं ताकि छोटे व्यापारी, होटल व्यवसायी एवं लघु उद्योगों को राहत मिल सके। साथ ही उत्तर प्रदेश में बिजली के बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए तथा परिवहन लागत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे सब्जियों, राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण स्थापित हो सके।
व्यापारियों ने अपने ज्ञापन में कहा कि महंगाई का सबसे अधिक प्रभाव मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि इस गंभीर जनहित के विषय का संज्ञान लेते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार को आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए जाएं, जिससे बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण हो और व्यापार जगत सहित आम जनता को राहत मिल सके। इस अवसर पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, युवा महामंत्री पश्चिम संभाग संजीव अग्रवाल, उद्योग मंच के नन्नूमल गुप्ता, जिला महामंत्री उद्योग मंच अनूप अग्रवाल, जिला चेयरमैन कपिल अग्रवाल, नगर अध्यक्ष मनोज बूटियां, नगर महामंत्री मनोज वर्मा, युवा जिला महामंत्री गौरांग अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष मनोज वर्मा, कार्यक्रम आयोजक रामकुमार, सूरज गुप्ता, वैभव मोहता, हिमांशु, लोकेश कुमार, आशीष रस्तोगी, बिट्टू भाई, ललित अग्रवाल, आकाश गोयल, यश राठी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

























