
हाथरस 05 जुलाई। इगलास रोड स्थित गांव टुकसान में देसी शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और युवकों ने शराब के ठेके पर तोड़फोड़ की, सड़क जाम कर दी और मौके पर पहुंची पुलिस के साथ अभद्रता एवं धक्का-मुक्की की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है तथा दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे टुकसान स्थित देसी शराब के ठेके के बाहर एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने ठेका बंद कराने की मांग करते हुए इगलास रोड पर सूखा पेड़ डालकर जाम लगा दिया। इसके बाद महिलाओं ने ठेके को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सेल्समैन से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि कुछ महिलाओं और युवकों ने ठेके में तोड़फोड़ कर कैंटीन का सामान बाहर फेंक दिया तथा पथराव कर सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सड़क से जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया। जाम के कारण इगलास रोड पर लगभग एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बाद में पुलिस और गांव के प्रबुद्ध लोगों ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। शराब ठेके के सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की घटना को लेकर तोड़फोड़ और पथराव के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। आज भी कुछ लोग दोबारा शराब ठेके के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और पुलिस से अभद्रता व धक्का-मुक्की करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों से मारपीट के आरोप में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब का ठेका खुलने के बाद से पुरुषों में शराब की लत बढ़ गई है। उनका आरोप है कि लोग शराब पीकर घर लौटते हैं, जिससे घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं और परिवार की आय का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च हो रहा है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि ठेके के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बताया गया कि शुक्रवार को भी महिलाओं ने शराब ठेके के विरोध में प्रदर्शन किया था, लेकिन पुलिस के समझाने पर वे शांत हो गई थीं। शनिवार को मामला उग्र हो गया और रविवार को भी विरोध जारी रहा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Next News :-दर्दनाक हादसा : अधेड़ की ट्यूबवेल की हौदी में नहाते समय मौत, परिवार में मचा कोहराम
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101







