
हाथरस 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की कम्पार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बोर्ड द्वारा परीक्षा कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्र के चयन और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इस वर्ष जिले के करीब 260 परीक्षार्थी कम्पार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 और 17 जुलाई को प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 28 जुलाई को लिखित परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं की परीक्षा के लिए एक ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्र के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। कम्पार्टमेंट परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है, जो मुख्य परीक्षा में एक विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, इम्प्रूवमेंट परीक्षा के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपने प्राप्तांक में सुधार करने का अवसर मिलता है। परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद अधिकांश परीक्षार्थी तैयारी में जुट गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) संत प्रकाश ने बताया कि बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।


























