
हाथरस 04 जुलाई। सासनी थाना क्षेत्र के गांव नगला पौपा में शादी समारोह के दौरान दुल्हन के पर्स से 15 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गांव के ही दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगला पौपा, पोस्ट केजीडब्ल्यू निवासी गीतम सिंह ने थाना सासनी में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि 27 जून को उनकी बेटी की शादी के उपलक्ष्य में घुड़चढ़ी का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान गांव के संजय और सुंदरम घर आए थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने दुल्हन के पर्स से 15 हजार रुपये निकाल लिए। जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया तो दोनों मौके से फरार हो गए। बताया गया कि घटना के बाद दोनों गांव छोड़कर चले गए। गीतम सिंह ने बताया कि शादी जैसे मांगलिक अवसर पर हुई इस चोरी की घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


























