
हाथरस 04 जुलाई। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर में एक महिला के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गोपालपुर निवासी पूजा, पत्नी चंद्रपाल सिंह, ने थाना मुरसान में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि 30 जून की शाम वह किसी कार्य से घर से बाहर निकली थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के गौरव, देवेंद्र सिंह, आकाश, रूबी पत्नी देवेंद्र सिंह तथा रौली पत्नी कुलदीप ने उन्हें घेर लिया। पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने एकराय होकर उनके साथ मारपीट की और अभद्र गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उन्हें थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने कहा कि पहले हुई मारपीट से यदि सबक नहीं मिला है और पुलिस के पास गईं तो जान से मार देंगे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


























