
हाथरस 04 जुलाई। हतीसा पुल स्थित कैलाश ढाबे के सामने हुई गैंगवार के मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल होकर गिरफ्तार किए गए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोना ठाकुर को शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मथुरा-बरेली हाईवे पर मेंडू-रुहेरी रोड के पास हुई मुठभेड़ में मोना ठाकुर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।
गौरतलब है कि 18 जून को थाना हाथरस गेट क्षेत्र के हतीसा पुल स्थित कैलाश ढाबे के सामने दो गुटों के बीच दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। गैंगवार की इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मामले में शामिल छह मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि मोना ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में फरार चल रहे अन्य इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


























