Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जुलाई । वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS  ने आज शहर के प्रमुख जल निकासी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल निकासी प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने खाती खाना, गणेशगंज मुख्य ड्रेनेज, ढकपुरा रोड स्थित वाटर वर्क्स पार्क, आगरा रोड, सरस्वती इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, आवास विकास कॉलोनी और स्टेट बैंक कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख नालों एवं जल निकासी स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अधिकांश मुख्य नालों से जल निकासी संतोषजनक पाई गई। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य नालों से जुड़ी छोटी नालियों पर आवश्यकतानुसार जाली लगाई जाए, ताकि कूड़ा-करकट मुख्य नालों में न पहुंचे और पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहे।

तालाब चौराहे पर स्थापित पंपिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वहां पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित ड्रेनेज लाइन की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, जिससे पंपिंग स्टेशन की क्षमता का पूरा उपयोग हो सके और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति न बने। आवास विकास कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान एक पुलिया क्षतिग्रस्त मिली तथा उसके समीप कूड़ा फंसे होने से जल निकासी प्रभावित हो रही थी। डीएम ने अधिकारियों को पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने और अवरुद्ध कूड़े को हटाने के निर्देश दिए। वहीं स्टेट बैंक कॉलोनी, जो अपेक्षाकृत निचला क्षेत्र है, वहां संभावित जलभराव को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पंप सेट लगाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को दिए गए।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी मुख्य नालों से कूड़ा-करकट तत्काल हटाया जाए और निकाले गए कूड़े का समयबद्ध उठान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि वह दोबारा नालों में न पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका को नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता अभियान चलाने, संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी रखने तथा शहर में कहीं भी कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।म निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page