Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जुलाई । जवाहर नवोदय विद्यालय, अगसौली में शनिवार को महान चिंतक, युग प्रवर्तक एवं युवा प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि रेनू गौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी आधारशिला है। विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने एक प्रेरणादायक गीत और कविता भी प्रस्तुत की। इस दौरान उन्होंने शिक्षक की भांति छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. भगवान सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन, व्यक्तित्व एवं विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है और उनके विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इस अवसर पर उप प्राचार्य सुदेश कुमार तोमर, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. जितेंद्र राजपूत, डॉ. प्रवीन कुमार शर्मा, श्रीमती शशि सिंह, श्रीमती प्राची तोमर, सुश्री नगमा, श्रीमती दीपांजलि, श्रीमती वीना श्रीवास्तव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आदित्य अवस्थी ने किया। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page