Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 03 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत एक मारपीट की घटना के बाद नया विवाद सामने आया है। एक महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि पूर्व में दर्ज एक मुकदमे से नाम हटवाने के नाम पर उससे 75 हजार रुपये लिए गए। वहीं आरोपित पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे अपने खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले से बचने का प्रयास बताया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, हसायन कस्बे के मोहल्ला कोलियान खुर्द स्थित भूमि विवाद को लेकर कुछ समय पहले राजस्व विभाग की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस मामले में छीतूपुर निवासी डिप्टी सिंह की तहरीर पर कोतवाली में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी बीच गुरुवार को सलेमपुर निवासी विजयपाल उर्फ कालू जाटव ने आरोप लगाया कि उनकी कार को रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस संबंध में कई नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मारपीट की घटना के बाद दूसरे पक्ष की ओर से किरन देवी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे से नाम हटवाने के नाम पर विजयपाल और उसके एक साथी ने उनसे 75 हजार रुपये लिए।वहीं विजयपाल उर्फ कालू जाटव ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके साथ हुई मारपीट की घटना से बचने और दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत की गई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार चिकारा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही मारपीट की घटना की भी विधिक जांच जारी है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page