
सासनी 05 जुलाई । सासनी-हाथरस मार्ग पर गांव बरसे स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट रविवार को टाटा लोडर और महिंद्रा थार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों चालक सुरक्षित बच निकले।
जानकारी के अनुसार, टाटा लोडर सासनी से हाथरस की ओर जा रहा था, जबकि महिंद्रा थार हाथरस से अलीगढ़ की दिशा में आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। पेट्रोल पंप के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। इसी बीच पुलिस कार्रवाई की आशंका से दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहनों के रजिस्ट्रेशन और अन्य अभिलेखों के आधार पर उनके मालिकों तथा चालकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


























