
हाथरस 02 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दिवस के अवसर पर वार्ष्णेय महिला वेलफेयर द्वारा समाज सेवा एवं अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉ. कुनाल वार्ष्णेय तथा सीए नितिन वार्ष्णेय का गरिमापूर्ण सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संस्था की सदस्याओं ने सम्मानित अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पटका पहनाया तथा सम्मान-चिह्न एवं स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्याओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा-भाव और समर्पण से समाज को स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं, जबकि चार्टर्ड अकाउंटेंट अपनी ईमानदारी, पेशेवर दक्षता और वित्तीय मार्गदर्शन के माध्यम से देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मनिष्ठ एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। इस अवसर पर संस्था की जिला सचिव वंदना वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष श्वेता वार्ष्णेय, नगर सचिव रेशू वार्ष्णेय, नगर कोषाध्यक्ष रचना गुप्ता, उप सचिव शीतल वार्ष्णेय, सलाहकार पूजा वार्ष्णेय तथा पल्लवी, पूजा, किरण, नेहा सहित संस्था की समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सम्मानित अतिथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की। आभार प्रदर्शन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।





















