
हाथरस 29 जून। कोतवाली सदर क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 16 वर्षीय बहन 20 मई से घर से लापता है और वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शिकायत के अनुसार, 26 जून को एक मोबाइल नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम मनोज ठाकुर बताया। आरोप है कि मनोज ठाकुर ही किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और अपने पास रखा हुआ है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार किशोरी को वापस भेजने का आश्वासन देता रहा, लेकिन अब तक उसे घर नहीं भेजा। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली सदर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किशोरी की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
























