Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 जून। शहर में साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार देर शाम एक शातिर युवक ने क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए भुगतान कराने के बहाने एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी कर ली और मौके से स्कूटी पर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर कोतवाली सदर पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के कामरेड भगवानदास मार्ग, मुरसान गेट स्थित लालसा गली में संचालित सीएससी सेंटर पर सोमवार रात करीब 9 बजे स्कूटी सवार एक युवक पहुंचा। उसने संचालक शैलेंद्र कुमार सिंह से कहा कि उसे एक क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराने हैं। आरोप है कि संचालक ने युवक द्वारा दिखाए गए क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद युवक भुगतान करने की बात कहकर अचानक बिना पैसे दिए स्कूटी से फरार हो गया। जब तक संचालक को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सीएससी सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल कोतवाली सदर पुलिस और साइबर क्राइम टीम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों ने पुलिस से ऐसे शातिर ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page