
हाथरस 28 जून । चावड़ गेट स्थित महाजन धर्मशाला से रविवार को दानवीर कुल शिरोमणि भामाशाह की विशाल शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर तथा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। इस अवसर पर शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष लखन महाजन ने सभी अतिथियों का फूलमालाएं पहनाकर, पगड़ी बांधकर एवं पीताम्बर ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।\ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि दानवीर कुल शिरोमणि भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने सभी को भामाशाह जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली विरासत और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान संदीप गुप्ता, रानू गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, राजीव गुप्ता, विवेक गुप्ता, राजेंद्र महाजन, मानव महाजन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।























