
हाथरस 28 जून । जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 778 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के 1,19,423 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बूथों पर बच्चों को दवा पिलाने के साथ-साथ घर-घर जाकर भी अभियान चलाया, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेध प्रकाश ने बताया कि अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को आगामी दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन में जनसहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है और सभी नागरिकों के सहयोग से ही इस अभियान को पूर्ण सफलता मिल सकती है।























