
हाथरस 28 जून । लखनऊ में एनडीए की तैयारी कर रहे हाथरस के 16 वर्षीय छात्र की पांचवीं मंजिल से गिरकर हुई मौत के बाद रविवार सुबह गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक पहुंचे। वहीं, मृतक के परिजनों ने कोचिंग प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगरिया नंदराम निवासी रोहित शर्मा लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय डिफेंस कोचिंग संस्थान में रहकर एनडीए की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता हरीश शर्मा, जो कासगंज में सहायक लेखा अधिकारी हैं, ने बताया कि रोहित हॉस्टल की पहली मंजिल पर रहता था। ऐसे में वह पांचवीं मंजिल पर कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, यह सबसे बड़ा सवाल है। उनका कहना है कि जिस स्थान से रोहित गिरा, वहां निर्माण कार्य चल रहा था और सुरक्षा के लिए न तो बाउंड्री वॉल थी और न ही रेलिंग लगी हुई थी। पिता ने बताया कि रोहित की चप्पल पांचवीं मंजिल पर नहीं मिली, जबकि उसका मोबाइल फोन कमरे में ही मिला। उन्होंने कहा कि रोहित जब भी कहीं जाता था तो अपना मोबाइल साथ रखता था। उनका कहना है कि नीचे गिरने की सीसीटीवी फुटेज तो उपलब्ध है, लेकिन वह पांचवीं मंजिल तक कैसे पहुंचा, इसकी कोई फुटेज नहीं मिली है। हरीश शर्मा ने कहा कि उनका बेटा देश सेवा का सपना लेकर एनडीए की तैयारी कर रहा था। उन्होंने मामले में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रहे हैं। रविवार सुबह रोहित का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। पूरे दिन उनके आवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा और लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।























