Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 28 जून । आगरा अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका तीन वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले कार को टक्कर मार दी और उसके बाद अनियंत्रित हुई कार पलटकर सामने से आ रही बाइक से जा भिड़ी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी स्थित वाटर वर्क्स कॉलोनी निवासी संजय कुमार, उनकी पत्नी सर्वेश देवी और उनके तीन वर्षीय पुत्र राज के रूप में हुई है। बताया गया कि संजय कुमार अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से हाथरस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव गीगला के निकट यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति से चल रहा था। उसने पहले एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पलटते हुए बाइक से टकरा गई। हालांकि कार सवार व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया, लेकिन बाइक सवार परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने संजय कुमार, उनकी पत्नी और पुत्र की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page