
हाथरस 28 जून। रोटरी क्लब ऑफ हाथरस गोल्ड के तत्वावधान में शनिवार शाम मातृ छाया केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केंद्र के 92 बच्चों का वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. लक्ष्मी पति सेकसरिया द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कैल्शियम, आयरन एवं ताकत बढ़ाने वाली दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। साथ ही बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए 15 किलोग्राम आम भी वितरित किए गए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मी पति सेकसरिया ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि डॉ. लक्ष्मी पति सेकसरिया पिछले लगभग 40 वर्षों से हाथरस में होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा समय-समय पर सामाजिक और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी सक्रिय योगदान देते रहे हैं। रोटरी क्लब ऑफ हाथरस गोल्ड के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।























